RIMS में मीडिया एंट्री पर फिर लगा बैन, अब बिना अनुमति न होगी रिपोर्टिंग, न फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग

RIMS में मीडिया एंट्री पर फिर लगा बैन, अब बिना अनुमति न होगी रिपोर्टिंग, न फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग

रांची (RANCHI): राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) प्रशासन ने अस्पताल परिसर में मीडिया गतिविधियों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है. नए निर्देश के तहत अब किसी भी मीडिया प्रतिनिधि को पूर्व अनुमति के बिना रिम्स परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. साथ ही अस्पताल के भीतर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. रिम्स प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग करने से पहले सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा. इसके लिए निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक या अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक से पूर्व स्वीकृति प्राप्त करनी होगी.

मरीजों की निजता और सुरक्षा का हवाला
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला अस्पताल में इलाजरत मरीजों की गोपनीयता, सुरक्षा और संस्थान की सुचारू कार्यप्रणाली को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति की जाने वाली कवरेज से कई बार मरीजों की निजता प्रभावित होती है और अस्पताल की व्यवस्था भी बाधित हो सकती है.

नए आदेश के मुताबिक अब रिम्स परिसर में किसी भी प्रकार की रिपोर्टिंग, वीडियो शूटिंग या फोटो कवरेज पूर्व अनुमति के बिना नहीं की जा सकेगी. प्रशासन ने सभी मीडिया संस्थानों और संबंधित पक्षों से निर्देशों का पालन करने की अपील की है. रिम्स प्रशासन के इस फैसले के बाद पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के बीच चर्चा तेज हो गई है. हालांकि संस्थान का कहना है कि यह कदम केवल अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों के हितों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है.