यात्रीगण कृपया ध्यान दें! दुर्गा पूजा में यात्रियों की भीड़ से निपटने की तैयारी, रांची-हटिया और मुरी स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं
दुर्गा पूजा का त्योहार आ गया है. ऐसे में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत ही खबर है. यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन के साउथ गेट पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे. साथ ही चार ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और मोबाइल UTS सहायकों की व्यवस्था भी की जाएगी
रांची (RANCHI): दुर्गा पूजा का त्योहार आ गया है. ऐसे में दूर-दराज में रहने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. त्योहारों के समय स्टेशन पर भीड़ देखा जाना आम है. ऐसे में भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं. दरअसल, रांची, हटिया और मुरी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. रांची स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में करीब 80 हजार तक की बढ़ोतरी की संभावना को ध्यान में रखते हुए टिकट वितरण से लेकर निगरानी व्यवस्था तक पर जोर दिया जा रहा है. यानी यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन के साउथ गेट पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे. साथ ही चार ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और मोबाइल UTS सहायकों की व्यवस्था की जा रही है. इस सुविधा को सोमवार से शुरू हो रही है ताकि यात्रियों को मुख्य प्रवेश द्वार पर अनावश्यक भीड़ का सामना न करना पड़े.
त्योहार के दौरान स्टेशन परिसर में भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है. इससे स्टेशन में प्रवेश करने वाले और ट्रेन से उतरकर बाहर निकलने वाले यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी. वाहनों की भीड़ कम करने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. यात्रियों को उतारने के बाद वाहनों को आगे बढ़ाना होगा और वीकेंड ड्रॉप क्षेत्र में उन्हें खड़ा करने पर रोक रहेगी. सुरक्षा के लिए रेलवे और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के वार रूम सक्रिय रखे जाएंगे. सीसीटीवी कैमरों के जरिए स्टेशन की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. वहीं, ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी अनाउंसमेंट के माध्यम से दी जाएगी. प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त आरपीएफ जवान तैनात रहेंगे, ताकि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने हाल ही में रांची रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर पुनर्विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की थी. इस दौरान अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए थे. अब दुर्गा पूजा के मद्देनजर रेल मंडल स्टेशन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटा है.