यात्रीगण कृपया ध्यान दें...! दिवाली-छठ पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, रांची से पूर्णिया के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. जो लोग घर से दूर रहते है और यूपी-बिहार, झारखंड के है उन्हें अब ट्रेन की टिकट के लिए परेशान होने की जरूरत ही है. दिवाली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास इंतजाम किया है.
रांची (RANCHI): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. जो लोग घर से दूर रहते है और यूपी-बिहार, झारखंड के है उन्हें अब ट्रेन की टिकट के लिए परेशान होने की जरूरत ही है. यात्रियों की सुविधा के लिए रांची और पूर्णिया कोर्ट के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. ट्रेन संख्या 08625/08626 रांची–पूर्णिया कोर्ट–रांची स्पेशल का परिचालन तीन-तीन फेरे के लिए किया जाएगा. इससे झारखंड और बिहार के बीच त्योहार मनाने जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
रांची से 6 नवंबर को पहली ट्रेन
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 08625 रांची–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 6, 13 और 20 नवंबर को रांची से रवाना होगी. ट्रेन रांची स्टेशन से शाम 6 बजे खुलेगी. रास्ते में मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, देवघर, भागलपुर, मुंगेर और सहरसा होते हुए अगले दिन सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी. इस दौरान मुरी में शाम 7:15 बजे, बोकारो स्टील सिटी में रात 8:10 बजे और धनबाद में रात 10:07 बजे ट्रेन का ठहराव होगा. इसके बाद देवघर में रात 1:30 बजे, भागलपुर में सुबह 4:15 बजे, मुंगेर में सुबह 6:45 बजे और सहरसा में सुबह 9 बजे पहुंचेगी.
पूर्णिया से वापसी का क्या है समय?
वापसी में ट्रेन संख्या 08626 पूर्णिया कोर्ट–रांची स्पेशल 7, 14 और 21 नवंबर को चलेगी. यह पूर्णिया कोर्ट से दोपहर 3 बजे प्रस्थान करेगी. सहरसा, मुंगेर, भागलपुर और देवघर होते हुए धनबाद, बोकारो स्टील सिटी और मुरी पहुंचेगी. अगले दिन सुबह 9:45 बजे रांची स्टेशन पर इसका आगमन होगा.
22 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे. इनमें एसी थर्ड के 3 कोच, स्लीपर श्रेणी के 13 कोच, सामान्य श्रेणी के 4 कोच और एसएलआरडी के 2 कोच शामिल होंगे. त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने और यात्रियों को अपने घर तक पहुंचने में सुविधा देने के उद्देश्य से यह स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है.