JPSC आंदोलन के बीच जयपाल सिंह स्टेडियम में एयर गन लेकर पहुंचा युवक, पुलिस ने पकड़ा

JPSC आंदोलन के बीच जयपाल सिंह स्टेडियम में एयर गन लेकर पहुंचा युवक, पुलिस ने पकड़ा

रांची(RANCHI): JPSC से जुड़े छात्र आंदोलन के दौरान रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम से सनसनीखेज खबर सामने आई है. जहां  एक युवक हाथ में एयर गन लेकर प्रदर्शन स्थल के पास पहुंचा. हालांकि प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा कर्मी पहले से मौजूद थे. तैनात पुलिसकर्मियों की नजर जैसे ही युवक पर पड़ी, वह घबराकर वहां से भागने लगा. हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने तत्काल उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया युवक हजारीबाग जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक एयर गन लेकर प्रदर्शन स्थल तक क्यों पहुंचा था और उसका मकसद क्या था.

बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह स्टेडियम में JPSC और JSSC परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर अभ्यर्थियों और छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी आंदोलन स्थल पर मौजूद थे. इसी दौरान भीड़ के बीच एक युवक संदिग्ध हालत में एयर गन लेकर दिखाई दिया. उसके हाथ में हथियार जैसी वस्तु देखकर वहां मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों का ध्यान उसकी ओर गया. पुलिसकर्मियों ने जैसे ही युवक को रोकने की कोशिश की, वह भागने लगा. इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया. घटना के बाद कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि वह एयर गन कहां से लेकर आया था और आंदोलन स्थल पर उसे लेकर आने के पीछे उसकी मंशा क्या थी. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक का आंदोलन से कोई संबंध है या वह किसी अन्य उद्देश्य से वहां पहुंचा था. फिलहाल मामले में विस्तृत जांच जारी है और पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर युवक की मंशा या एयर गन के इस्तेमाल को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है. आंदोलन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है.