माँ के श्राद्ध के बीच सीएम सुन रहे लोगों की फरियाद, बच्चे के इलाज के लिए ऑन स्पॉट दिया 10 लाख का चेक

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रामगढ़ जिले के बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के पुत्र अनूप बेसरा के कान का इलाज के लिए 10 लाख रूपये का चेक प्रदान किया.

माँ के श्राद्ध के बीच सीएम सुन रहे लोगों की फरियाद, बच्चे के इलाज के लिए ऑन स्पॉट दिया 10 लाख का चेक

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक बेटे के साथ राज्य धर्म का भी कर्तव्य निभा रहे है. माँ के श्राद्ध कार्यक्रम में सभी रीति रिवाज के साथ साथ राज्य की समस्याओं पर भी नजर रख रहे है. समस्या लेकर पहुँचने वाले लोगों से मिल कर उसका तुरंत समाधान भी कर रहे है. इसी कड़ी में एक बीमार बच्चे को 48 घंटे के अंदर मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के जरिए 10 लाख रुपये का चेक सौपा है.      

Image

बता दे कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म को लेकर अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं. एक ओर यहां मुख्यमंत्री की दिवंगत माता को श्रद्धसुमन अर्पित करने वालों का तांता लगा हुआ है. वहीं दूसरी ओर अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर भी बड़ी संख्या में नेमरा पहुंच रहे हैं. लोगों ने आज भी मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं रखी और निदान का अनुरोध किया.  मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से सभी लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए उनके द्वारा दिये आवेदन को स्वीकार किया. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को समस्या निदान का निर्देश दिया.

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रामगढ़ जिले के बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के पुत्र अनूप बेसरा के कान का इलाज के लिए  10 लाख रूपये का चेक दिया है.  मुख्यमंत्री ने  करीब छह वर्षीय अनूप बेसरा को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना अंतर्गत चिकित्सा अनुदान के तहत 48 घंटे के अंदर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण करवाते हुए 10 लाख रूपये का चेक प्रदान किया.

Image

मालूम  हो कि पिछले दिनों नेमरा में ही अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपने बेटे के कान की इलाज के लिए अत्यधिक राशि खर्च होने के कारण सहयोग का अनुरोध किया था. उनके पुत्र का इलाज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लौर में चल रहा है. चिकित्सकों ने उसके सुनने के अंग (इंटरनल इयर)  को बदलने की सलाह दी है, जिसमें अत्यधिक राशि खर्च होने की बात सामने आई है. इसके बाद रामकिशुन ने नेमरा पहुंचकर अपनी समस्या मुख्यमंत्री को बताई थी.

Image

मुख्यमंत्री ने इसे संज्ञान में लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया था. इसपर रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा तत्परता के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण की गई और 48 घंटे के भीतर ही अनूप बेसरा को नेमरा में ही आज 10 लाख का चेक प्रदान कर दिया गया.अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने बताया कि आर्थिक मदद मिलने से अब उन्हें अपने पुत्र के इलाज में काफी सहयोग मिलेगी.