RANCHI:झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. इसी क्रम में ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है. संगठन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा है.
AISA की प्रदेश अध्यक्ष नेहा बोरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और संगठन के कार्यकर्ता इस विरोध मार्च में शामिल होंगे. प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी परीक्षा से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाएंगे. संगठन का आरोप है कि लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए विवादों के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. ऐसे में सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए.
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. विधानसभा परिसर और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. शहीद मैदान से लेकर जगन्नाथपुर चौक और विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.
सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है. कुछ संवेदनशील इलाकों में कंटीले तार भी लगाए गए हैं, जिससे प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर तक पहुंचने से रोका जा सके. इसके अलावा विधानसभा के सामने स्थित खुले मैदान में भी बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
उधर, झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र का शुक्रवार को दूसरा दिन है. ऐसे में प्रदर्शन और विधानसभा की कार्यवाही को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. ट्रैफिक व्यवस्था को भी आवश्यकतानुसार बदला गया है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे.
AISA का कहना है कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. वहीं प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है और कानून का पालन करने की सलाह दी है.

