हवाई यात्रियों की जेब पर बढ़ेगा बोझ, IndiGo ने कई अतिरिक्त सेवाओं के बढ़ाए दाम

IndiGo ने घरेलू उड़ानों में एक्स्ट्रा बैगेज, शिशु टिकट और प्रायोरिटी चेक-इन समेत कई ऐड-ऑन सेवाओं के शुल्क बढ़ा दिए हैं. इससे रांची समेत देशभर के यात्रियों का अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा.

हवाई यात्रियों की जेब पर बढ़ेगा बोझ, IndiGo ने कई अतिरिक्त सेवाओं के बढ़ाए दाम

रांची (RANCHI): IndiGo की घरेलू उड़ानों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं अब महंगी हो गई हैं. एयरलाइन ने एक्स्ट्रा बैगेज से लेकर शिशु टिकट और प्रायोरिटी चेक-इन तक कई ऐड-ऑन सेवाओं की दरों में बढ़ोतरी की है. हालांकि सामान्य हवाई टिकट के किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई दरों का असर रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता सहित दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले लोगों पर भी पड़ेगा. सबसे बड़ा बदलाव अतिरिक्त सामान के शुल्क में हुआ है. अब निर्धारित सीमा से ज्यादा सामान होने पर यात्रियों को प्रति किलो 800 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 700 रुपये प्रति किलो था.

नई व्यवस्था को उदाहरण से समझें तो पांच किलो अतिरिक्त सामान पर अब 4,000 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 3,500 रुपये थे. यानी यात्री को 500 रुपये अधिक देने पड़ेंगे. वहीं, 10 किलो अतिरिक्त सामान होने पर पहले की तुलना में 1,000 रुपये ज्यादा खर्च होंगे. रांची एयरपोर्ट से बड़ी संख्या में लोग नौकरी, पढ़ाई, कारोबार और अन्य कामों के लिए महानगरों की यात्रा करते हैं. इनमें कई यात्री ज्यादा सामान के साथ सफर करते हैं. ऐसे में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु या हैदराबाद जाने वाले यात्रियों के यात्रा बजट पर नई दरों का सीधा असर पड़ सकता है. कम दूरी के रांची-कोलकाता जैसे रूट पर भी अतिरिक्त बैगेज के लिए यही नई दर लागू होगी.

परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों को भी अब ज्यादा रकम चुकानी होगी. तीन दिन से दो साल तक के शिशु के लिए शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया है. यानी प्रति शिशु 1,000 रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे. इसके अलावा फास्ट फॉरवर्ड सुविधा, जिसमें प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग जैसी सेवाएं शामिल हैं, उसका शुल्क 500 रुपये से बढ़कर 650 रुपये हो गया है. वहीं, बिना अभिभावक के यात्रा करने वाले बच्चों के लिए सेवा शुल्क 5,000 रुपये से बढ़ाकर 5,999 रुपये कर दिया गया है. इस तरह टिकट किराया समान रहने के बावजूद अतिरिक्त सुविधाएं चुनने वाले यात्रियों का कुल यात्रा खर्च बढ़ जाएगा.