Arnav के बाद Murasu का कहर! अब एक और चक्रवात तूफान की झारखंड में एंट्री, जानिए किन इलाकों में दिखेगा सबसे ज्यादा असर
चक्रवात अर्णब के प्रभाव से उबरने के बाद बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर नया तूफानी सिस्टम सक्रिय हो गया है. ‘मुरासू’ नाम के इस चक्रवात ने आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मौसम विभाग की चिंता बढ़ा दी है. इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं, वहीं अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): चक्रवात अर्णब के प्रभाव से उबरने के बाद बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर नया तूफानी सिस्टम सक्रिय हो गया है. ‘मुरासू’ नाम के इस चक्रवात ने आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मौसम विभाग की चिंता बढ़ा दी है. इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं, वहीं अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिणी झारखंड और संथाल परगना के कुछ हिस्सों में मौसम का बदलाव ज्यादा देखने को मिल सकता है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब धीरे-धीरे चक्रवात में तब्दील हो गया है. दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय इस तूफान को ‘मुरासू’ नाम दिया गया है. मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे उत्तर तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के लिए चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी की है.
IMD के मुताबिक, दो नवंबर की सुबह तक मुरासू के भीषण चक्रवात में बदलने की आशंका है. इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. अनुमान है कि दो नवंबर की मध्यरात्रि 23:30 बजे से तीन नवंबर की सुबह 04:00 बजे के बीच यह नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा. इस दौरान हवा की गति 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
कैसे पड़ा मुरासू नाम
मुरासू नाम भारत की ओर से प्रस्तावित किया गया है. तमिल भाषा में मुरासू का अर्थ ढोल होता है. यह एक पारंपरिक वाद्य यंत्र है, जिसका इस्तेमाल पुराने समय में लोगों तक महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाने और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सचेत करने के लिए किया जाता था. इसी ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए चक्रवात का नाम मुरासू रखा गया है.
बंगाल की खाड़ी में बने इस चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, तीन नवंबर को राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. राजधानी रांची के अलावा खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा में मौसम का मिजाज बदल सकता है. वहीं संथाल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में भी बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं. इसके अलावा पलामू प्रमंडल के कुछ हिस्सों में भी चक्रवात का आंशिक प्रभाव देखने को मिल सकता है.
मौसम के इस बदलाव का सबसे अधिक प्रभाव झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल सकता है. सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश की संभावना जताई गई है. खासकर कोल्हान क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
बताते चलें कि 29 अक्टूबर को चक्रवात अर्णब ने आंध्र प्रदेश के ओडालारेवु के पास तट से टकराने के बाद तटीय इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया था. अब कुछ ही दिनों के अंतराल पर बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हो गया है. ऐसे में मौसम विभाग की नजर मुरासू की दिशा, उसकी तीव्रता और संभावित प्रभाव पर बनी हुई है. झारखंड में भी आने वाले दिनों में बारिश और बादलों की स्थिति इसी सिस्टम के प्रभाव के अनुसार बदल सकती है.