रांची रेलवे स्टेशन के पास मिला युवती का शव, हादसा या साजिश? जांच में जुटी पुलिस

रांची रेलवे स्टेशन के पास मिला युवती का शव, हादसा या साजिश? जांच में जुटी पुलिस

RANCHI:राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन परिसर के पास शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया.शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे पटरी के किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर और पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती किसी ट्रेन की चपेट में आ गई होगी, जिससे उसकी मौत हुई. हालांकि, पुलिस इस मामले को केवल हादसा मानकर नहीं चल रही है और हत्या तथा आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है.  शव के पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान हो सके. फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

इसके अलावा स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती वहां कैसे पहुंची.पुलिस स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल युवती की पहचान और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है.