तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था की दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों युवक को चौकी टॉड के पास झीलया नदी के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

रांची (RANCHI): बुढ़मू थाना क्षेत्र से सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है जहां बुधवार को एक बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था की दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों युवक को चौकी टॉड के पास झीलया नदी के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना से नाराज ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने सड़क जाम कर दिया और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की.

बाइक से पतरातू जा रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे. इसी दौरान झीलया नदी के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना गंभीर था कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. दुर्घटना में शामिल ट्रक मां भगवती ट्रांसपोर्ट, कुमडांग का बताया जा रहा है.

भारी वाहनों की आवाजाही पर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे की सूचना मिलते ही बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई. वहीं, दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर उनके परिजन और आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से रोजाना सैकड़ों कोयला लदे भारी वाहन गुजरते हैं. इन वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण रखने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. इससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की.

पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर हटाया

बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है. ग्रामीणों ने विरोध में सड़क जाम किया था, लेकिन उन्हें समझा-बुझाकर सड़क से हटा दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.