झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र आज से, MMDR और SIR पर होगी खुली बहस, केंद्र के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी हेमंत सरकार

झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 नवंबर से शुरू हो रहा है. हेमंत सरकार एसआईआर और एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के खिलाफ विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजेगी.

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र आज से, MMDR और SIR पर होगी खुली बहस, केंद्र के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी हेमंत सरकार

रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार, 25 नवंबर से शुरू हो रहा है. सत्र के दौरान हेमंत सोरेन सरकार केंद्र सरकार के एमएमडीआर (MMDR) संशोधन अधिनियम और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की तैयारी में है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी, जबकि विधायकों और नेताओं का विधानसभा पहुंचना सुबह 10 बजे से ही शुरू हो जाएगा.

विशेष सत्र के पहले दिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर चर्चा होगी. सरकार इस मुद्दे पर खुली बहस के बाद विरोध में संकल्प पेश करेगी. वहीं, सत्र के दूसरे दिन 26 नवंबर को केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 यानी खनिज कानून में किए गए बदलावों पर विशेष चर्चा होगी. इसके बाद इस कानून के खिलाफ भी विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. सरकार का कहना है कि एमएमडीआर के प्रावधानों से झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों के वित्तीय और विधायी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. वह केंद्र से कानून पर पुनर्विचार करने और राज्य को होने वाले नुकसान का हिसाब देने की मांग करेगी.

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद केंद्र की भाजपा सरकार पर खनिज संपदा के अधिकारों को लेकर राज्यों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगा रहे हैं. सरकार का कहना है कि एमएमडीआर के जरिए खनिज संपदा पर केंद्र का नियंत्रण बढ़ सकता है, जिससे झारखंड को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. दूसरी ओर, एसआईआर को लेकर सत्ता पक्ष का आरोप है कि राज्य में बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं. इस मुद्दे पर सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रही है.

विशेष सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्तारूढ़ दलों के सभी विधायकों और मंत्रियों को सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. मंगलवार को सत्ता पक्ष और भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जबकि बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विशेष सत्र को लेकर चर्चा की गई. कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सदन में एमएमडीआर और एसआईआर पर खुली बहस होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से झारखंड और पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. प्रदीप यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई.

कांग्रेस नेता और राज्य सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बड़ी घोषणा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार एमएमडीआर कानून से झारखंड को होने वाले नुकसान और एसआईआर के कारण लोगों को हो रही परेशानियों के मुद्दे को सदन में उठाएगी. सरकार इन दोनों विषयों पर विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को अपनी आपत्ति से अवगत कराना चाहती है.

वहीं, भाजपा ने विशेष सत्र को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है. भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सरकार को एमएमडीआर और एसआईआर के बजाय राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था, निशा भगत प्रकरण और जेपीएससी-जेएसएससी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करानी चाहिए थी. भाजपा का आरोप है कि सरकार जनता से जुड़े गंभीर सवालों से ध्यान हटाने के लिए विशेष सत्र बुला रही है.

दो दिनों तक चलने वाले इस सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सत्ता पक्ष की ओर से केंद्र सरकार को घेरते नजर आएंगे, जबकि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी विपक्ष की कमान संभालेंगे. सत्र के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने की संभावना है. इस बीच सदन में दिवंगत पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार की कमी भी महसूस की जाएगी. वे सरकार के प्रभावशाली नेताओं में शामिल थे और सदन में अपने बेबाक जवाबों तथा वाकपटुता के लिए जाने जाते थे.