सावन के दूसरे सोमवार पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुबह 4 बजे से लगी भक्तों की कतार
सावन के दूसरे सोमवार पर पहाड़ी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह 4 बजे से श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए कतार में लगे रहे.
सावन के दूसरे सोमवार पर पहाड़ी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह 4 बजे से श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए कतार में लगे रहे.
रांची(Ranchi): सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालु तड़के 4 बजे से ही मंदिर परिसर के बाहर कतार में लग गए. हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आ रहा है.
दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु
पहाड़ी बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए रांची के अलावा रामगढ़ और लोहरदगा समेत आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. भक्त घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ को जल और दूध अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं.
नवविवाहित जोड़े भी पहुंचे मंदिर
सावन के इस खास मौके पर कई नवविवाहित जोड़े भी पहाड़ी मंदिर पहुंच रहे हैं. नवविवाहित दंपति बाबा भोलेनाथ की पूजा कर सुखी और खुशहाल वैवाहिक जीवन की प्रार्थना कर रहे हैं. वहीं कई युवा भी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद ले रहे हैं.
मंदिर में दूध और जल की नि:शुल्क व्यवस्था
भक्तों की सुविधा को देखते हुए मंदिर में नि:शुल्क दूध और जल की व्यवस्था भी की गई है. इससे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में आसानी हो रही है. मंदिर प्रबंधन और सेवाभाव से जुड़े लोग लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं, ताकि भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो.
सावन के दूसरे सोमवार पर पहाड़ी मंदिर में सुबह से ही आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जहां हर तरफ बाबा भोलेनाथ के जयकारे गूंज रहे हैं. लोग अपने पूरे परिवार के साथ पहाड़ी बाबा के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और सुख, शांति व समृद्धि की कामना कर रहे हैं.