महिला T20 वर्ल्ड कप में आज महामुकाबला, भारत-पाकिस्तान की टक्कर पर टिकी सबकी नजरें

महिला T20 वर्ल्ड कप में आज महामुकाबला, भारत-पाकिस्तान की टक्कर पर टिकी सबकी नजरें

रांची (RANCHI): आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है और आज क्रिकेट प्रेमियों की नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं. टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में भारतीय महिला टीम अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी. भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से क्रिकेट जगत का सबसे चर्चित मुकाबला माना जाता है और महिला क्रिकेट में भी इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

इसी उत्साह को जानने के लिए द न्यूज़ पोस्ट की टीम ने युवाओं से बातचीत की. युवाओं ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का उन्हें हमेशा बेसब्री से इंतजार रहता है. उनका मानना है कि चाहे पुरुष क्रिकेट हो या महिला क्रिकेट, जब भी दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं तो मुकाबले का रोमांच कई गुना बढ़ जाता है. युवाओं ने भरोसा जताया कि इस बार भी भारतीय महिला टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.

कई युवाओं ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की जमकर तारीफ की और कहा कि टीम को उनकी कप्तानी का भरपूर फायदा मिलेगा. उनका मानना है कि बड़े मैचों में हरमनप्रीत का अनुभव टीम के लिए काफी अहम साबित हो सकता है. वहीं कुछ क्रिकेट प्रशंसकों ने उपकप्तान स्मृति मंधाना से भी बड़ी पारी की उम्मीद जताई. उनका कहना था कि स्मृति शानदार फॉर्म में हैं और पाकिस्तान के खिलाफ उनके बल्ले से बड़ी पारी देखने को मिल सकती है. कुछ युवाओं ने यहां तक कहा कि यदि स्मृति शुरुआत में टिक गईं तो शतक जैसी यादगार पारी भी संभव है.

भारतीय टीम की ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा को लेकर भी लोगों में काफी उम्मीदें हैं. युवाओं का कहना है कि दीप्ती बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं. इसके अलावा अरुंधति रेड्डी से भी अच्छी गेंदबाजी प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं युवा स्पिनर श्रेयंका पाटिल को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में उत्सुकता दिखाई दी. कई लोगों का मानना है कि उनकी रहस्यमयी गेंदबाजी पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है और मैच में उनका प्रदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहेगा.

हालांकि युवाओं ने पाकिस्तान टीम और उसकी कप्तान की भी सराहना की. उनका कहना था कि पाकिस्तान की टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता. खासतौर पर उसकी गेंदबाजी हमेशा मजबूत रही है और बड़े मैचों में वह विपक्षी टीम पर दबाव बनाने की क्षमता रखती है. इसके बावजूद अधिकांश क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि भारतीय टीम संतुलित, अनुभवी और मजबूत नजर आती है तथा किसी भी गेंदबाजी आक्रमण का सामना करने में सक्षम है.

अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान अब तक आठ बार आमने-सामने आ चुके हैं. खास बात यह है कि इन सभी मुकाबलों में भारतीय महिला टीम ने जीत हासिल की है. यही रिकॉर्ड भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगा. हालांकि विश्व कप जैसे बड़े मंच पर कोई भी टीम चौंका सकती है, इसलिए दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक और यादगार मुकाबले की उम्मीद की जा रही है.

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारतीय महिला टीम अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करेगी या पाकिस्तान कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल रहेगा. इतना तय है कि क्रिकेट प्रशंसकों को आज एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा.