Jharkhand Chamber Election: 21 सीटों के लिए 74 चेहरे आमने-सामने, किसके सिर सजेगा ताज?
झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के सत्र 2026-27 के चुनाव में कुल 74 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 65 उम्मीदवार कार्यकारिणी की 21 सीटों और 9 उम्मीदवार क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. मतदान 13 सितंबर को होगा.
रांची (RANCHI): झारखंड के व्यापारियों की बड़ी संस्था फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है. सत्र 2026-27 के चुनाव के लिए नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है. अब कुल 74 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 65 उम्मीदवार कार्यकारिणी सदस्य और 9 उम्मीदवार क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.
अब उम्मीदवारों के पास प्रचार और चेंबर सदस्यों को अपने पक्ष में करने का समय है. अलग-अलग टीमें कारोबारियों के बीच पहुंचकर अपनी बात रख रही हैं. ऐसे में चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ चेंबर की राजनीति भी तेज हो गई है.
तीन टीमों के बीच दिख रहा मुकाबला
इस बार कार्यकारिणी चुनाव में तीन प्रमुख टीमें मैदान में हैं. इनमें टीम मुकेश, टीम पी-21 और टीम तुलसी शामिल हैं. तीनों टीमों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं. इसके अलावा कुछ दूसरे उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
चेंबर की कार्यकारिणी में कुल 21 सदस्यों को चुना जाना है.यानी मैदान में उम्मीदवार ज्यादा हैं और सीटें कम. ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है.
नाम वापसी के बाद 74 उम्मीदवार बचे
शुरुआत में उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा थी. नामांकन के बाद प्रत्याशियों को अपना नाम वापस लेने का मौका दिया गया था. अंतिम दिन नौ सदस्यों ने अपने नाम वापस ले लिए. वहीं, DIN नंबर नहीं होने के कारण एक उम्मीदवार को चुनाव अधिकारियों ने अयोग्य घोषित कर दिया.
इसके बाद कुल 74 उम्मीदवार मैदान में रह गए. चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर और को-चेयरमैन पवन शर्मा की देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है.
13 सितंबर को होगा मतदान
झारखंड चेंबर के नए नेतृत्व के लिए 13 सितंबर को वोट डाले जाएंगे. इससे एक दिन पहले 12 सितंबर को चेंबर की वार्षिक आमसभा होगी. इसके बाद सदस्य वोट देकर तय करेंगे कि नई कार्यकारिणी में किन 21 चेहरों को जगह मिलेगी.
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के पदों के लिए भी चुनाव होना है. छह क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों के लिए कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं. कुछ जगहों पर एक से ज्यादा उम्मीदवार होने के कारण सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा.