SBI YONO ऐप के नाम पर 66 वर्षीय बुजुर्ग से 9.69 लाख की साइबर ठगी, APK फाइल डाउनलोड करते ही खाली हुआ खाता
रांची में साइबर ठगों ने SBI YONO ऐप से सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर 66 वर्षीय बुजुर्ग से 9.69 लाख रुपये की ठगी कर ली. APK फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से रकम निकाल ली गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रांची (RANCHI): राजधानी रांची में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को SBI YONO ऐप के जरिए सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर करीब 9.69 लाख रुपये की ठगी कर ली. यह मामला लालपुर थाना क्षेत्र के पीस रोड निवासी 66 वर्षीय आनंद प्रकाश लकड़ा से जुड़ा है. घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
शिकायत के अनुसार, आनंद प्रकाश लकड़ा ने फेसबुक पर SBI YONO ऐप के माध्यम से सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने से जुड़ा एक लिंक देखा. उन्होंने उस लिंक पर आवेदन किया, जिसके कुछ ही देर बाद उनके पास एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को SBI का अधिकारी बताते हुए बैंक खाते और एटीएम कार्ड से संबंधित जानकारी मांगी. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर कथित SBI पेंशन कार्ड का APK फाइल लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा. जैसे ही पीड़ित ने उस फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल किया, फोन हैक हो गया. कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 9.69 लाख रुपये निकाल लिए गए.
पीड़ित को ठगी का पता तब चला जब उन्होंने मोबाइल पर आए बैंक मैसेज देखे. उन्होंने पाया कि उनके मोबाइल पर आने वाले मैसेज स्वतः उसी व्हाट्सएप नंबर पर फॉरवर्ड हो रहे थे, जिससे APK फाइल भेजी गई थी. इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं. घटना के तुरंत बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और फिर साइबर थाना पहुंचकर लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें, क्योंकि साइबर अपराधी इसी तरह लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं.