जामताड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस

जामताड़ा के बोदमा के पास ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय मोहित किस्कू की मौत हो गई. पुलिस और RPF ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी.

जामताड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस

जामताड़ा (JAMTARA): हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग के चित्तरंजन-जामताड़ा रेलखंड पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. हादसा बोदमा केबिन और जामताड़ा के बीच डाउन मेन लाइन पर रेलवे पोल संख्या 243/2 के पास हुआ. मृतक की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के शहारडाल पंचायत के तेलईपाड़ा गांव निवासी मोहित किस्कू, पिता स्व. सुरेंद्र किस्कू के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोदमा केबिन से जामताड़ा की ओर करीब 200 मीटर की दूरी पर रेल पटरी के पास मोहित किस्कू का शव मिला. ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के एएसआई जहांगीर अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं, चित्तरंजन आरपीएफ की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस और आरपीएफ कर्मियों ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मोहित किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आए होंगे, हालांकि हादसा किस ट्रेन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच करते हुए हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मोहित किस परिस्थिति में रेलवे लाइन के पास पहुंचे थे और घटना किस ट्रेन से हुई. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्रेन और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने में लगी है.