झारखंड सिविल कोर्ट: 2027 कैलेंडर जारी, जानिए कब-कब रहेगी छुट्टी
झारखंड हाईकोर्ट ने 2027 के लिए हाईकोर्ट और सभी सिविल कोर्ट का कैलेंडर जारी कर दिया है. इसमें होली, गर्मी की छुट्टी, दुर्गा पूजा, छठ और क्रिसमस समेत अन्य अवकाश की तारीखें तय की गई हैं.
झारखंड हाईकोर्ट ने 2027 के लिए हाईकोर्ट और सभी सिविल कोर्ट का कैलेंडर जारी कर दिया है. इसमें होली, गर्मी की छुट्टी, दुर्गा पूजा, छठ और क्रिसमस समेत अन्य अवकाश की तारीखें तय की गई हैं.
रांची (RANCHI): झारखंड हाईकोर्ट ने साल 2027 के लिए राज्य के सभी सिविल कोर्ट का कैलेंडर जारी कर दिया है. इसमें पूरे साल होने वाली छुट्टियों और खास मौकों पर मिलने वाले अवकाश की तारीखें साफ कर दी गई हैं. हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश के बाद अब अदालतों में छुट्टियों को लेकर स्थिति साफ हो गई है.
मई-जून में हाईकोर्ट में गर्मी की छुट्टी
साल 2027 में झारखंड हाईकोर्ट में गर्मी की छुट्टी 17 मई से शुरू होगी और 5 जून तक चलेगी. यानी इस दौरान हाईकोर्ट में नियमित कामकाज बंद रहेगा. वहीं होली को लेकर भी हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में अलग-अलग छुट्टी रखी गई है. सिविल कोर्ट में 22 मार्च से 27 मार्च तक और हाईकोर्ट में 20 मार्च से 27 मार्च तक अवकाश रहेगा.
दुर्गा पूजा से छठ तक लंबी छुट्टी
झारखंड में दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ बड़े त्योहार हैं. ऐसे में इन त्योहारों के दौरान सिविल कोर्ट में भी लंबी छुट्टी रहेगी. कैलेंडर के मुताबिक पूजा की छुट्टी दो हिस्सों में रखी गई है. पहला चरण 4 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक होगा, जबकि दूसरा चरण 27 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलेगा.
यानी अक्टूबर और नवंबर की शुरुआत में त्योहारों के कारण अदालतों में कई दिनों तक नियमित कामकाज नहीं होगा.
क्रिसमस पर भी कोर्ट रहेगा बंद
साल के आखिरी दिनों में भी अदालतों में छुट्टी रहेगी. सिविल कोर्ट में 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक अवकाश रहेगा. वहीं हाईकोर्ट में 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक छुट्टी होगी. इसके बाद नए साल में अदालतों का कामकाज तय कैलेंडर के अनुसार शुरू होगा.
कुछ छुट्टियां सिर्फ कुछ जिलों में
कैलेंडर में यह भी साफ किया गया है कि हर छुट्टी पूरे झारखंड में लागू नहीं होगी. कुछ छुट्टियां खास न्यायमंडलों के लिए रखी गई हैं. जैसे पौष पूर्णिमा की छुट्टी सिर्फ गिरिडीह न्यायमंडल में रहेगी. मनसा पूजा पर बोकारो, धनबाद और जामताड़ा न्यायमंडल में छुट्टी होगी. वहीं ईस्टर संडे की छुट्टी केवल मसीही यानी ईसाई कर्मचारियों के लिए लागू होगी.
चांद के हिसाब से बदल सकती है कुछ तारीखें
मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों को लेकर भी कैलेंडर में खास व्यवस्था की गई है. चांद दिखने के आधार पर जरूरत पड़ने पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और रांची के न्यायायुक्त छुट्टी की तारीख में बदलाव कर सकते हैं. इससे त्योहार की वास्तविक तारीख के हिसाब से अवकाश में जरूरी बदलाव किया जा सकेगा.