ट्यूशन के लिए घर से निकली 13 वर्षीय छात्रा लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका, तलाश में जुटी पुलिस

ट्यूशन के लिए घर से निकली 13 वर्षीय छात्रा लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका, तलाश में जुटी पुलिस

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से एक 13 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिवार में चिंता बढ़ चुकी है. परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. मामले को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है.

लापता छात्रा की पहचान पहाड़ी टोला स्थित नासिरुद्दीन लेन निवासी अलीना के रूप में हुई है. अलीना कक्षा आठवीं की छात्रा है और नियमित रूप से ट्यूशन पढ़ने जाती थी. परिजनों के अनुसार, 9 जून की शाम करीब पांच बजे वह घर से ट्यूशन के लिए निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी. शुरुआत में परिवार को लगा कि वह किसी परिचित के यहां रुक गई होगी, लेकिन काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर चिंता बढ़ गई. इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चल सका.

काफी प्रयासों के बाद भी जब अलीना का सुराग नहीं मिला, तो उसके पिता इमरोज ने सुखदेवनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में आशंका जताई है कि उनकी बेटी को किसी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द छात्रा को सकुशल बरामद करने की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और छात्रा के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों से भी लगातार संपर्क में है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही छात्रा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.