हज-2027 के लिए झारखंड से चुने जाएंगे 13 स्टेट हज इंस्पेक्टर, 27 अगस्त तक आवेदन का मौका

हज-2027 के लिए झारखंड से 13 स्टेट हज इंस्पेक्टर चुने जाएंगे. सरकारी कर्मचारी 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

हज-2027 के लिए झारखंड से चुने जाएंगे 13 स्टेट हज इंस्पेक्टर, 27 अगस्त तक आवेदन का मौका

रांची(RANCHI): हज-2027 की तैयारियों को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है. हज कमेटी ऑफ इंडिया ने स्टेट हज इंस्पेक्टर यानी SHI के चयन के लिए सरकारी कर्मचारियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं. झारखंड से करीब 13 स्टेट हज इंस्पेक्टर चुने जाने की योजना है. इसके लिए झारखंड राज्य हज समिति ने योग्य कर्मचारियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है.

27 अगस्त तक भरना होगा फॉर्म

SHI के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू हो चुकी है. इच्छुक कर्मचारी 27 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन करना होगा.

झारखंड से चयनित होने वाले इंस्पेक्टरों की तैनाती करीब 135 हज यात्रियों पर एक SHI के अनुपात से की जाएगी. चयन में आरक्षण से जुड़े नियमों का भी ध्यान रखा जाएगा.

सितंबर में होगी परीक्षा

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT आयोजित की जाएगी. परीक्षा 6 सितंबर 2026 को होने वाली है. इसके बाद 8 से 16 सितंबर के बीच इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट होगा. इसी दौरान उम्मीदवारों की मेडिकल फिटनेस जांच भी कराई जाएगी.

चयनित उम्मीदवारों को हज से जुड़ी जिम्मेदारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके लिए मुंबई में दो दिन का प्रशिक्षण अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस पद के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं. आवेदक का मुस्लिम होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवार केंद्र या राज्य सरकार, सीएपीएफ, सैन्य बल, पीएसयू या किसी स्वायत्त संस्था का स्थायी कर्मचारी होना चाहिए.

ग्रुप-ए या क्लास-1 के अधिकारी और पे लेवल-10 या उससे ऊपर के कर्मचारी इस प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर सकेंगे. उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएट होना भी जरूरी है.

आवेदन की शुरुआती तारीख पर उम्मीदवार की उम्र 50 साल से कम होनी चाहिए. साथ ही भारतीय पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी जरूरी है.

तीन बार सेवा दे चुके कर्मचारी नहीं कर सकेंगे आवेदन

हज कमेटी ने SHI और खादिमुल हुज्जाज के तौर पर पहले सेवा दे चुके कर्मचारियों के लिए भी नियम तय किया है. जो कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में तीन या उससे ज्यादा बार इन जिम्मेदारियों को निभा चुके हैं, वे इस बार आवेदन नहीं कर पाएंगे.

CBT और इंटरव्यू से बनेगी मेरिट

स्टेट हज इंस्पेक्टर की अंतिम मेरिट कंप्यूटर आधारित परीक्षा और इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर तैयार होगी. दोनों चरणों में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना जरूरी होगा. इसके बाद सफल उम्मीदवारों का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा.

झारखंड राज्य हज समिति के मुताबिक, इच्छुक कर्मचारी समय सीमा का ध्यान रखते हुए आवेदन करें. हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 27 अगस्त तक ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है.