घर में अकेली थी 11 साल की दिव्यांग बच्ची, अधेड़ ने किया दुष्कर्म, विरोध करने पर बेहोश होने तक पीटा

घर में अकेली थी 11 साल की दिव्यांग बच्ची, अधेड़ ने किया दुष्कर्म, विरोध करने पर बेहोश होने तक पीटा

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय मानसिक रूप से दिव्यांग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि 50 वर्षीय एक व्यक्ति ने घर में अकेली मौजूद बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह बेहोश हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां रोज की तरह बकरियां चराने के लिए खेत गई हुई थी, जबकि 11 वर्षीय मानसिक रूप से दिव्यांग बच्ची घर में अकेली थी. इसी दौरान करीब 50 वर्षीय आरोपी घर में घुस गया और बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. आरोप है कि जब बच्ची ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी.

वहीं जब बच्ची की मां घर वापस पहुंची तो उसने बेटी को गंभीर हालत में देखा और आरोपी को मौके पर पाया. यह देखकर उसने शोर मचाया. आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया. गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की और तुरंत मुफ्फसिल थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. वहीं, पीड़िता को तत्काल मेडिकल जांच और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है.

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की मां की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, दुष्कर्म और मारपीट की संबंधित गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में तेजी लाई जाएगी और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.