गौवंशीय पशुओं से लदा पिकअप जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, 10 पशु बरामद

पलामू के हैदरनगर में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 गौवंशीय पशुओं से लदा पिकअप वाहन जब्त किया. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

गौवंशीय पशुओं से लदा पिकअप जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, 10 पशु बरामद

पलामू (PALAMU): पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 गौवंशीय पशुओं से लदा एक पिकअप वाहन जब्त किया है. पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. बरामद पशुओं में छह गाय और चार बैल शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पिकअप में मिले 10 गौवंशीय पशु

हुसैनाबाद SDPO दिव्यांश शुक्ल ने रविवार को प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हैदरनगर थाना कांड संख्या 61/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने सीजी12एस-2574 नंबर के पिकअप वाहन को जब्त किया है. वाहन में 10 गौवंशीय पशु पाए गए, जिन्हें जब्ती सूची तैयार करने के बाद थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है.

एक आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य नामजद

पुलिस के अनुसार, मामले में औरंगाबाद जिले के महुअरी गांव निवासी 38 वर्षीय सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ और प्राथमिकी के आधार पर गुड्डू सरफराज और पिकअप वाहन के मालिक टमाटर अंसारी को भी मामले में आरोपी बनाया गया है.

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, पशुओं का क्रूरता निवारण अधिनियम और झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम समेत पशु परिवहन से जुड़े कानूनों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

गिरफ्तार आरोपी का पहले भी रहा है मामला

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र सिंह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ 2022 में रेहला थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया था. उस मामले में भी पशुओं से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई हुई थी.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को 16 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अब पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और पशुओं को कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच कर रही है. कार्रवाई में हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल, हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान समेत पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की भूमिका रही.