चुटुपालू घाटी में सरिया लदा ट्रेलर पलटा, रांची-पटना NH-33 पर घंटों लगा जाम, चालक-खलासी गंभीर
रामगढ़ की चुटुपालू घाटी में सरिया लदा ट्रेलर पलटने से NH-33 पर घंटों जाम लगा रहा. हादसे में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए.
रामगढ़ की चुटुपालू घाटी में सरिया लदा ट्रेलर पलटने से NH-33 पर घंटों जाम लगा रहा. हादसे में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए.
रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-33) पर बुधवार को चुटुपालू घाटी में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. रांची की ओर से आ रहा सरिया लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में ट्रेलर चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद दोनों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
बताया जा रहा है कि ट्रेलर रांची की ओर से आ रहा था. इसी दौरान चुटुपालू घाटी में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और सरिया लदा ट्रेलर बीच सड़क पर पलट गया. हादसा इतना गंभीर था कि ट्रेलर के सड़क पर गिरते ही यातायात पूरी तरह ठप हो गया. देखते ही देखते रांची-पटना मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम में छोटे-बड़े वाहनों के साथ यात्री बसें और मालवाहक गाड़ियां भी फंस गईं. इसके कारण रांची और हजारीबाग की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई लोग घंटों जाम में फंसे रहे.
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया. इसके बाद सड़क पर पलटे ट्रेलर को हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाए जाने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ. हादसे के कारण चुटुपालू घाटी में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
रिपोर्ट: अनुज कुमार