पतरातू में तेज रफ्तार बाइक ने ढाई साल की बच्ची को कुचला, मौके से फरार हुआ चालक

पतरातू के मैक्स हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से ढाई साल की बच्ची साक्षी कुमारी की मौत हो गई. हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया.

पतरातू में तेज रफ्तार बाइक ने ढाई साल की बच्ची को कुचला, मौके से फरार हुआ चालक

रामगढ़ (RAMGARH): पतरातू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से ढाई वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. हादसा मैक्स हॉस्पिटल के समीप हुआ. मृत बच्ची की पहचान खैरा मांझी द्वार निवासी मुकेश कुमार मंडल की ढाई वर्षीय बेटी साक्षी कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, साक्षी अपनी मां के ठेले से घर लौट रही थी. इसी दौरान मैक्स हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने बच्ची को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों का कहना है कि पतरातू-मैक्लुस्कीगंज मुख्य मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं. इस सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार बाइक सवार युवक काफी तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों और अन्य राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से पतरातू-मैक्लुस्कीगंज मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर स्पीड लिमिट, निगरानी और नियमित वाहन जांच की व्यवस्था होनी चाहिए. साथ ही तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. इधर, हादसे के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और फरार बाइक सवार की पहचान करने में जुटी है. स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को जल्द पकड़ने की मांग की है.