रामगढ़ (RAMGARH): जिले के पतरातू में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से आयोजित 'युवा संवाद चौपाल यात्रा' में पार्टी नेताओं ने युवाओं को सामाजिक बदलाव और राजनीतिक भागीदारी का संदेश दिया. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री, बिहार के सांसद और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए. इस दौरान नेताओं ने इसे सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और जागरूकता का अभियान बताया. वहीं बिहार की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी भाजपा को घेरने का प्रयास किया गया.
पतरातू के एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई. मंच पर मौजूद नेताओं ने युवाओं से संगठन को मजबूत करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने की अपील की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद समर्थकों की मौजूदगी देखने को मिली. सभा को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार में मंत्री एवं राजद नेता संजय यादव ने कहा कि युवा संवाद चौपाल यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह विचार, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन की सतत प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सत्ता की राजनीति करना नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों तक पहुंचना है, जिन्हें लंबे समय तक अधिकारों और सम्मान से वंचित रखा गया.
उन्होंने कहा कि राजद सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी सोच के तहत युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में बिहार के औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं राजद युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार में चर्चित भारत पांडे एनकाउंटर मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए.
युवा संवाद चौपाल यात्रा के माध्यम से राजद ने एक बार फिर युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक और सामाजिक पहुंच मजबूत करने की कोशिश की. पार्टी नेताओं का कहना है कि आने वाले समय में इस तरह के कार्यक्रम राज्य के अन्य हिस्सों में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को संगठन की विचारधारा से जोड़कर सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके.
रिपोर्ट : अनुज कुमार

