रामगढ़: हाथियों के झुंड का वीडियो बनाना पड़ा भारी, हथिनी ने युवक को कुचला, मौके पर मौत

रामगढ़ के गोबरदरहा वन क्षेत्र में हाथियों के झुंड का वीडियो बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी के हमले में यशवंत महतो की मौत हो गई.

रामगढ़: हाथियों के झुंड का वीडियो बनाना पड़ा भारी, हथिनी ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
JOIN NOW

रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ वन क्षेत्र के गोबरदरहा इलाके में हाथियों के झुंड को करीब से देखने और मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई. नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी लोगों की भीड़ और शोर से अचानक आक्रामक हो गई और भीड़ की ओर दौड़ पड़ी. इस दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान बाइक से मौके पर पहुंचे एक युवक की बाइक रास्ते में गिर गई. वह संभलकर भाग पाता, इससे पहले ही हथिनी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान यशवंत महतो के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के पुन्नू गांव का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि यशवंत रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में काम करता था.

जानकारी के अनुसार, रामगढ़ वन क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड पहुंचा था. इसी झुंड में शामिल एक हथिनी ने हाल ही में एक नवजात शावक को जन्म दिया था. शावक को देखने के लिए आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग जंगल क्षेत्र में पहुंच गए. कुछ लोग हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बजाय उनके काफी करीब जाने लगे और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने तथा रील रिकॉर्ड करने की कोशिश करने लगे. लोगों की लगातार आवाजाही, शोर और भीड़ के कारण नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी असहज हो गई. अचानक उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और वह लोगों की ओर बढ़ने लगी. हथिनी को अपनी ओर आते देख मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

हथिनी के अचानक दौड़ने के बाद लोग जान बचाने के लिए जंगल क्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान यशवंत महतो भी अपनी बाइक से वहां से निकलने का प्रयास कर रहा था. भागने के क्रम में उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई. वह खुद को संभालकर वहां से निकल पाता, उससे पहले हथिनी उसके पास पहुंच गई और उसे कुचल दिया. इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना एक बार फिर यह बताती है कि जंगली हाथियों, खासकर नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी से सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है. वन क्षेत्र में हाथियों के करीब जाकर वीडियो या रील बनाने की कोशिश बेहद खतरनाक साबित हो सकती है.