रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की शारीरिक परीक्षा शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिले में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया के तहत शनिवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई. जिला प्रशासन की निगरानी में आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं.

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की शारीरिक परीक्षा शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रामगढ़(RAMGARH): जिले में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया के तहत शनिवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई. जिला प्रशासन की निगरानी में आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं. पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

सुबह पांच बजे से शुरू हुई प्रक्रिया

शनिवार सुबह पांच बजे से ही अभ्यर्थियों के मैदान में प्रवेश और उनके दस्तावेजों के सत्यापन का काम शुरू कर दिया गया. शुरुआती प्रक्रिया पूरी होने के बाद दौड़ के माध्यम से शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई गई. प्रशासन के अनुसार, परीक्षा के पहले और दूसरे राउंड सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी अभ्यर्थियों की परीक्षा जारी है.

प्रशासन और पुलिस की टीम मुस्तैद

बहाली प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है. उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर परीक्षा स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है.

प्रवेश और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन

परीक्षा स्थल पर केवल वैध प्रवेश पत्र वाले अभ्यर्थियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है. बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सामान को लेकर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.

अभ्यर्थियों की सुविधा का भी ध्यान

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और बैठने की व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे दलालों या किसी भी  व्यक्ति के बहकावे में न आएं और अनुशासन बनाए रखें.

प्रशासन का उद्देश्य पूरी बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को अपनी क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके.

 रिपोर्ट- अनुज कुमार