थाने से महज 100 मीटर दूर पर अपहरण मामला: स्विफ्ट कार में युवक को जबरन ले गये बदमाशों को पुलिस ने धर-दबोचा

रामगढ़ के भुरकुंडा से अपहृत कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और अपहरण में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है.

थाने से महज 100 मीटर दूर पर अपहरण मामला: स्विफ्ट कार में युवक को जबरन ले गये बदमाशों को पुलिस ने धर-दबोचा

रामगढ़ (RAMGARH): जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र से अपहृत कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा को पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है. प्रारंभिक जांच में अपहरण की वजह पैसे के लेनदेन से जुड़ा विवाद और आपसी रंजिश सामने आई है.

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की शाम भुरकुंडा बाजार में गणेश ज्वेलर्स के समीप कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा का पांच अपराधियों ने जबरन अपहरण कर लिया था. आरोपी उसे सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर फरार हो गए थे. घटना की सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी जानकारी रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत को दी.

एसपी के निर्देश पर पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की. पुलिस की लगातार दबिश के कारण अपहरणकर्ता घबरा गए और कमलेश ठाकुर को रांची के पिठोरिया स्थित जंगल के समीप छोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया.

पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए 24 नवंबर की रात रांची रिंग रोड स्थित लॉ कॉलेज के पास से अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की. साथ ही मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद और आपसी रंजिश के कारण अपहरण की योजना बनाई गई थी. आरोपियों ने रांची से कमलेश का पीछा किया और भुरकुंडा बाजार से उसका अपहरण कर लिया. इसके बाद उसे उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा होते हुए गुमला ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई. पूरे मामले का खुलासा पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान किया. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

रिपोर्ट: अनुज ठाकुर