रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक

रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई.

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक

रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड के रामगढ़ जिले में  हुए भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं. रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी-बरलोंग के पास कोयला लदे एलपी ट्रक और सवारी पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी.

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार ताशा पार्टी (बैंड-बाजा दल) के सदस्य गोला से रामगढ़ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है.

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में छह लोग मारंग मर्चा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक अन्य मृतक स्थानीय समाजसेवी हैं. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास सड़क हादसे में कल देर रात 7 लोगों के मरने की दुःखद खबर से मन व्यथित है।
मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) June 26, 2026

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर हुए इस हादसे से वह बेहद दुखी हैं. मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की. साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है.