Big Breaking: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो सवार 13 लोगों की मौत

रामगढ़ के कुजू ओपी क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ. नालंदा से रजरप्पा मंदिर जा रही स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 13 लोगों की मौत और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
Big Breaking: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो सवार 13 लोगों की मौत

रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कुजू ओपी क्षेत्र के पैकी के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस दर्दनाक दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है. मृतकों में चार महिलाएं, पांच पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही कुजू पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

 

जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जघरों गांव के रहने वाले सभी लोग स्कॉर्पियो से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे. इसी दौरान पैकी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और 13 लोगों की जान चली गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य के साथ जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए.

 

वहीं, घटना की सूचना मिलने पर मृतकों के एक परिजन, जो रामगढ़ के पतरातू में रहते हैं, घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि सभी लोग नालंदा के जघरों गांव से रजरप्पा मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. इस घटना को लेकर रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि बिहार के नालंदा जिले से एक परिवार के लोग रजरप्पा मंदिर जा रहे थे. इसी दौरान सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.