रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड में 2 दिन लगातार बारिश ने नदियों का जलस्तर बढ़ा दिया है. इसी को लेकर रामगढ़ जिले में भी असर देखने को मिल रहा है. झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर के पास बहने वाली दामोदर और भैरवी नदी भारी बारिश के कारण उफान पर हैं. दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ने से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. हालांकि, फिलहाल मंदिर के मुख्य परिसर या माता के मंदिर के समीप नदी का पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है. रजरप्पा मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है.
रजरप्पा मंदिर न्याय समिति ने श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए अलर्ट जारी करते हुए दामोदर और भैरवी नदी के तट पर नहीं जाने की अपील की है. समिति का कहना है कि बारिश के कारण दोनों नदियों का बहाव तेज हो गया है और जलस्तर में अचानक और बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में श्रद्धालु नदी के किनारे जाकर किसी तरह का जोखिम न उठाएं. खास तौर पर सेल्फी लेने, नदी के नजदीक जाने या पानी के बहाव को देखने के लिए तट पर खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. समिति ने लोगों से मंदिर दर्शन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों को गंभीरता से लेने की अपील की है.
लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और रजरप्पा मंदिर न्याय समिति की ओर से भी श्रद्धालुओं को सतर्क किया जा रहा है. अधिकारियों की नजर दोनों नदियों के जलस्तर और आसपास की स्थिति पर बनी हुई है. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, क्योंकि तेज बहाव के बीच छोटी सी चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. मंदिर न्याय समिति के पुजारी लोकेश पंडा ने भी श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि मौसम और नदियों की स्थिति को देखते हुए आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
रिपोर्ट- अनुज ठाकुर

