Weather Alert:झारखंड में अगले 5 दिन तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, पढ़े आज का हाल

Weather Alert:झारखंड में अगले 5 दिन तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, पढ़े आज का हाल

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है.पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी रांची समेत कोल्हान के जमशेदपुर, सरायकेला और चाईबासा में शाम से शुरू हुई बारिश रातभर होती रही.वहीं मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जताया गया है कि आने वाले अगले 5 दिनों तक झारखंड में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा.इस दौरान झारखंड के अलग-अलग जिलों में कहीं रुक-रुक कर हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश होती रहेगी. वहीं इस दौरान तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना है, जिसको देखते हुए लोगों को खास तौर पर सावधान किया गया है.

 पढ़े आज का हाल

आज, शनिवार के मौसम की बात करें तो राजधानी रांची में भी गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है. इसे लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है. आज भी शुक्रवार की तरह दिनभर कहीं रुक-रुक कर रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश का दौर चलता रहेगा, जिससे मौसम पूरी तरह से सुहाना बना रहेगा.मौसम विभाग के मुताबिक, 14 जुलाई से बारिश और ज्यादा सक्रिय हो जाएगी, जहां लगातार राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में बारिश होती रहेगी. वहीं रात के समय भी बारिश होने की संभावना है.मौसम विभाग के अनुसार अब धीरे-धीरे मानसून अपनी रफ्तार पकड़ चुका है. पिछले चार-पांच दिनों से लगातार झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में कहीं मध्यम तो कहीं झमाझम बारिश देखने को मिल रही है. इससे जहां किसानों के चेहरों पर खुशी है, वहीं लोगों को भी गर्मी से राहत मिली है.

आंधी तूफ़ान के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह

हालांकि, मौसम विभाग की ओर से लोगों को बारिश और आंधी-तूफान के समय खुले मैदान, खेत और पेड़ के नीचे नहीं जाने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की कोई अनहोनी न हो. मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक मौसम के और खराब होने की संभावना जताई है, जहां तापमान में भी और गिरावट दर्ज की जाएगी.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.