हुसैनाबद में शादी की खुशियां मातम में बदली,वज्रपात से एक की मौत 10 घायल  

हुसैनाबद में शादी की खुशियां मातम में बदली,वज्रपात से एक की मौत 10 घायल

 

पलामू(PALAMU):जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में वज्रपात से एक युवक की जान चली गई जबकि 10 लोग घायल है. सभी घायलों का ईलाज अनुमंडलीय अस्पताल में किया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में चीख पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलने पर विधायक और हुसैनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली है.

बता दे कि घटना हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के लोटनिया पंचायत के एकौनी की है. जहां एक शादी समारोह में सभी भाग लेने पहुंचे थे. लेकिन उमस भरी गर्मी के वजह से सभी पास के आम बगान में गर्मी से राहत के लिए पहुंचे. लेकिन अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ वज्रपात हो गई. जिसमें एक युवक की जान चली गई. वहीं 10 लोग इस वज्रपात में झुलस गए.         

वज्रपात के बाद स्थानीय लोगों ने सभी को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने आयुष कुमार (पिता- राकेश मेहता) को मृत घोषित कर दिया.वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत कुमार (22 वर्ष, पिता- राजकुमार मेहता) की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक गांव में बीती रात एक शादी थी. जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. शनिवार को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग गांव के आम बगीचे में बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और वज्रपात होने से यह हादसा हो गया.

घटना में घायल पवन कुमार, पंकज कुमार, प्रिंस कुमार, सौरभ कुमार, ऋषभ कुमार, सत्यम कुमार, सुजीत कुमार और हरिओम कुमार सहित अन्य घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद में चल रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद के विधायक संजय कुमार सिंह यादव अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. विधायक ने अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस.के. रवि को सभी घायलों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा विधायक ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर एंबुलेंस के माध्यम से उसके घर भेजने की व्यवस्था भी कराई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.