पलामू-गढ़वा से जयपुर जाना होगा आसान, 26 अक्टूबर से शुरू होगी सीधी साप्ताहिक ट्रेन
पलामू और गढ़वा जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दरअसल अब डालटनगंज और गढ़वा रोड से जयपुर तक रेल यात्रा करना आसान होने जा रहा है. लंबे समय से प्रतीक्षित संतरागाछी–खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का परिचालन 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होने जा रहा है.
पलामू (PALAMU): पलामू और गढ़वा जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दरअसल अब डालटनगंज और गढ़वा रोड से जयपुर तक रेल यात्रा करना आसान होने जा रहा है. लंबे समय से प्रतीक्षित संतरागाछी–खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का परिचालन 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होने जा रहा है. इस नई रेल सेवा का ऑनलाइन शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे. इससे क्षेत्र के लाखों यात्रियों को राजस्थान के जयपुर समेत अन्य शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों को मिली सफलता
पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने इस नई रेल सेवा को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का यह सुखद परिणाम है. इस ट्रेन के शुरू होने से शिक्षा, रोजगार, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए जयपुर जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी.
सांसद ने इस रेल सेवा की मांग को लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान प्रमुखता से उठाया था. इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्रालय को लिखित और मौखिक रूप से अपनी मांग से अवगत कराया. विभिन्न बैठकों में भी इस मुद्दे को लगातार उठाया गया. सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर पलामू और गढ़वा की जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं को उनके सामने रखा था.
संतरागाछी–खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस के परिचालन से पलामू और गढ़वा की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है. इससे न केवल यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है. बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के लोगों को देश के दूसरे महत्वपूर्ण शहरों तक पहुंचने के अधिक अवसर मिलेंगे. सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. इससे पलामू और गढ़वा के लोगों की लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो सकेगी.
इस नई रेल सेवा की शुरुआत पर सांसद विष्णु दयाल राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया. उन्होंने इसे क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण रेल सौगात बताते हुए कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी.