पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद शहर के जपला रेलवे स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में देर रात चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया. अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के मुकुट सहित अन्य कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात देर रात करीब दो बजे हुई. बदमाश मंदिर परिसर में दाखिल हुए और बेहद सुनियोजित तरीके से देवी-देवताओं के आभूषण निकालकर मौके से फरार हो गए. हालांकि उनकी पूरी गतिविधि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
सुबह जब मंदिर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को चोरी की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर पहुंच गए. घटना को लेकर लोगों में गहरा रोष देखने को मिला. श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थल में इस तरह की घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि लोगों की आस्था को भी ठेस पहुंचाती है.
सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

