पलामू रेस्टोरेंट में अचानक एसडीएम की रेड से मचा हड़कंप, दो जोड़े हिरासत में

पलामू रेस्टोरेंट में अचानक एसडीएम की रेड से मचा हड़कंप, दो जोड़े हिरासत में

पलामू(PALAMU): जिले के हुसैनाबाद में गुरुवार को आदित्य रेस्टोरेंट में एसडीएम समीर अल्फ्रेड मुर्मू ने शिकायत के आधार पर अचानक छापेमारी की. यह छापेमारी जन समाधान कार्यक्रम के दौरान मिली एक शिकायत के बाद की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि रेस्टोरेंट के अंदर अनैतिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने प्रशासनिक टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की.

छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के अलग-अलग कमरों से दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध स्थिति में पाए गए. सभी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए हैदरनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया. अधिकारियों ने कहा किया है कि पकड़े गए सभी लोग बालिग हैं.

एसडीएम समीर अल्फ्रेड मुर्मू ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. यदि जांच में देह व्यापार या किसी अन्य अवैध गतिविधि के पुख्ता सबूत मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही रेस्टोरेंट के संचालन रजिस्टर, कमरों के उपयोग से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. लोगों ने बताया कि यह प्रतिष्ठान लंबे समय से विवादों और शिकायतों के घेरे में रहा है हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरी जांच की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.