पलामू में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, दुकान-होटलों में छापेमारी

पलामू के हुसैनाबाद में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी और सर्च अभियान चलाया. शहर के कई इलाकों में दुकानों, होटलों और ठेलों की जांच के दौरान बीयर, अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की गई.

पलामू में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, दुकान-होटलों में छापेमारी

पलामू(PALAMU): हुसैनाबाद पुलिस ने शहर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विशेष छापेमारी और सर्च अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस टीम ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में दुकानों, होटलों और ठेला दुकानों की जांच की. अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से बीयर, अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की गई.

यह अभियान हुसैनाबाद SDPO IPS दिव्यांश शुक्ला और इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया. पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने नहर मोड़, बाजार, जेपी चौक, हरिहर चौक समेत शहर के कई इलाकों में पहुंचकर जांच की. पुलिस ने उन स्थानों पर विशेष नजर रखी, जहां अवैध रूप से शराब रखने या बेचने की आशंका थी.

जांच के दौरान हरिहर चौक के पास से बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई. वहीं नहर मोड़ इलाके में पुलिस को देसी शराब मिली. बरामद शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया है. अभियान के दौरान कई दुकानों और होटलों की भी तलाशी ली गई.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानों, होटलों, ठेलों और अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की जाएगी. अवैध तरीके से शराब रखने या इसकी बिक्री करते पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है. थाना प्रभारी ने कहा कि शहर या आसपास के किसी इलाके में अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना पुलिस को दें. सूचना मिलने पर पुलिस जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे.