पलामू(PALAMU): जिले में बिजली विभाग के खिलाफ लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. पिछले एक सप्ताह में हैदरनगर क्षेत्र में मुश्किल से 2 से तीन घंटे बिजली मिली है. जब बिजली आती है तो कही तार टूट कर गिर जाता है. ऐसे में विभाग की लापरवाही से स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. चौकड़ी सब स्टेशन पहुंच कर जमकर हंगामा किया. साथ ही बिजली नहीं तो बिल नहीं का नारा लगाया.
सब स्टेशन घेराव के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने बिजली विभाग के अभियंताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग भगवान भरोसे चल रहा है.आय दिन सड़क पर तार टूट कर गिर जाता है. इलाके में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. लेकिन विभाग के अधिकारी कान में तेल डाल कर सोये है. लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद विभाग समस्या के स्थायी समाधान के प्रति गंभीर नहीं है. विभाग केवल अस्थायी मरम्मत कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है.
चौकड़ी बिजली सब स्टेशन पर तत्काल सहायक अभियंता को बुलाने की मांग की और कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर स्पष्ट आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान लोगों ने "बिजली नहीं तो बिल नहीं", "लापरवाह अभियंता होश में आओ" और "जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करो" जैसे नारे लगाकर विभाग के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया.
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि अगर जर्जर एलटी केबलों को शीघ्र नहीं बदला गया और विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.उनका कहना था कि जनता की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. फिलहाल चौकड़ी सब स्टेशन परिसर में प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारी विभागीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर वार्ता करने का इंतजार कर रहे हैं.
प्रदर्शन का नेतृत्व हैदरनगर पूर्वी पंचायत के मुखिया संतोष कुमार सिंह, प्रेमतोष सिंह तथा पंचायत समिति सदस्य गुप्तेश्वर पांडेय ने किया.

