पलामू: पाटन में भीषण सड़क हादसा में युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

पलामू: पाटन में भीषण सड़क हादसा में युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

पलामू (PALAMU): जिले के पाटन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा ब्राह्मण सिंगरा के समीप हुआ, जहां दो वाहनों की टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई है.  वहीं हादसे में सुनीता देवी, अंशिका और आकृति गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक बाइक बटसारा से डाल्टनगंज की ओर जा रही थी. बाइक को छट्ठू राम का भांजा चला रहा था और उस पर परिवार के अन्य सदस्य भी सवार थे. जैसे ही बाइक ब्राह्मण सिंगरा के पास पहुंची, उसकी टक्कर एक अन्य वाहन से हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. दूसरे वाहन के चालक की पहचान नारायण कुमार रवि, निवासी सिक्की खुर्द, पाटन के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि घायलों के बयान और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.