पलामू: रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव, सिर बुरी तरह कुचला, मामले की जांच में जुटी पुलिस
पलामू में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था. पुलिस हादसा और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
पलामू (PALAMU): जिले के सदर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला है. ऐसे में घटना की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से देर रात करीब 1 बजे सदर थाना पुलिस को दी गई थी जहां सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है.
दरअसल मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पास बरामद शव की हालत बेहद वीभत्स थी. युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था जिसे देकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है की पहचान छुपाने के लिए ऐसा किया जा सकता है. हालांकि शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि डाल्टनगंज और चियांकी रेलवे स्टेशन के बीच युवक किसी ट्रेन की चपेट में आया होगा, जिससे उसकी यह स्थिति हो सकती है. ऐसे में डाल्टनगंज और चियांकी के बीच रेल संपर्क मौजूद है और दोनों स्टेशन एक ही रेलखंड पर स्थित हैं.
हालांकि, शव जिस स्थिति में मिला है, उसे देखते हुए पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या घटना के पीछे कोई दूसरा कारण है. पुलिस के सत्यापन और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है.
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस शव की पहचान कराने के लिए जरूरी जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक वहां तक कैसे पहुंचा और घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था. पुलिस घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ रेलवे से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी को समझा जा सके.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवक की मौत वास्तव में ट्रेन की चपेट में आने से हुई या मामला कुछ और है. सिर पर गंभीर चोट और शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है. हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. जांच पूरी होने के बाद ही मृतक की पहचान, मौत की वजह और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्थिति साफ हो सकेगी. फिलहाल रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.