पलामू: सतबरवा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक मारपीट, तीन गंभीर रूप से घायल

पलामू: सतबरवा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक मारपीट, तीन गंभीर रूप से घायल

पलामू ( PALAMU): जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र से चौकानें वाला मामला सामने आया है. क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों की पहचान नागेंद्र सिंह, सुशांत सिंह और राहुल सिंह के रूप में की गई है. घटना के संबंध में पीड़ित नागेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को जब वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकल रहे थे, तभी उनकी चचेरी चाची उन्हें अपशब्द कहने लगीं. इस बात का विरोध करने पर विवाद अचानक बढ़ गया.

इस दौरान बहस बढ़ती देख चचेरे चाचा विनय सिंह, कुणाल सिंह और अरमान सिंह लाठी-डंडों और लोहे की रॉड के साथ वहां पहुंच गए. इन लोगों ने आते ही नागेंद्र सिंह, राहुल सिंह और सुशांत सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया. नागेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी विनय सिंह पहले भी अपने चाचा के बेटे को गोली मारने के आरोप में जेल जा चुका है. जमानत पर बाहर आने के बाद से वह लगातार उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था.

इस बीच, घायल सुशांत सिंह ने स्थानीय सतबरवा थाना पुलिस पर पैसे लेकर आरोपी विनय सिंह की मदद करने का गंभीर आरोप लगाया है. वारदात के बाद परिजनों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां सुशांत और नागेंद्र की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारियों ने परिजनों से जानकारी लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.