पलामू (PALAMU): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के केकतुआ गांव में बुधवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवादित जमीन पर जुताई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई. घटना में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. मारपीट के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जमीन पर काम करने पहुंचे थे एक पक्ष के लोग
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक पक्ष के कुछ लोग विवादित जमीन पर जुताई का काम कर रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और जमीन पर काम करने का विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए. इसके बाद मौके पर लाठी-डंडे चलने लगे. अचानक हुए इस विवाद से आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया.
मारपीट में एक पक्ष से प्रभु प्रजापति, उदय प्रजापति, संजीत प्रजापति और प्रवेश प्रजापति समेत करीब 14 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. सभी घायलों को इलाज के लिए MMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, दूसरे पक्ष के भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है. उनका इलाज चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है. दोनों पक्षों के घायलों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है.
घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही विवाद की असली वजह और मारपीट की शुरुआत कैसे हुई, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है. फिलहाल जमीन पर अधिकार को लेकर पुराना विवाद होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, विवाद की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन की कोशिश है कि विवाद आगे न बढ़े और गांव में स्थिति सामान्य बनी रहे.

