पलामू: फर्जी IPS बनकर बिहार पुलिस को दिया झांसा, दो गिरफ्तार
पलामू के युवक पर फर्जी IPS बनकर औरंगाबाद पुलिस को झांसे में लेने का आरोप है. पुलिस ने उसके चालक और सहयोगी को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त की है.
पलामू के युवक पर फर्जी IPS बनकर औरंगाबाद पुलिस को झांसे में लेने का आरोप है. पुलिस ने उसके चालक और सहयोगी को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त की है.
पलामू (PALAMU): पलामू से एक घटना सामने आई है जहां के रहने वाले एक युवक पर फर्जी IPS अधिकारी बनकर बिहार पुलिस को झांसे में लेने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि उसने औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस के साथ मिलकर एनएच-139 पर वाहनों की जांच कराई और छापेमारी भी की. पुलिस को शक होने के बाद वह मौके से फरार हो गया. मामले में पुलिस ने उसके चालक पिंटू कुमार और सहयोगी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया है. साथ ही इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई है.
बताया जाता है कि फर्जी IPS ने नगर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया और छापेमारी के लिए पुलिस बल मांगा. उसके झांसे में आकर गश्ती टीम उसके साथ चली गई. इसके बाद उसने जसोइया मोड़ से सीमेंट फैक्ट्री तक वाहनों की जांच कराई. इसी दौरान एक टेंपो को रोककर तीन लोगों से पूछताछ की गई. इनमें पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के दो युवक भी शामिल थे. फर्जी IPS ने दोनों को अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर मदनपुर की ओर ले जाना शुरू कर दिया.
दोनों युवकों के रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में दारोगा हैं, को इसकी जानकारी मिली. उन्होंने फर्जी IPS से फोन पर बात कर अपना परिचय दिया. इसके बाद उसे पहचान खुलने का डर हो गया और उसने दोनों युवकों को कामा बिगहा के पास उतार दिया. फिर पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया. सूचना मिलने पर औरंगाबाद एसपी ने सभी थानों को अलर्ट किया. एरका चेकपोस्ट के पास पुलिस की जांच देखकर उसने स्कॉर्पियो छोड़ दी और भाग निकला. पुलिस ने चालक पिंटू कुमार और सहयोगी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस फर्जी IPS की पहचान, उसके नेटवर्क और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.