पलामू (PALAMU): जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में एक ऐसी रहस्यमयी बीमारी फैल रही है जिसनें लोगों की चिंता बढ़ा दी है. इस रहस्य बीमारी के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. दरअसल, जानकारी के अनुसार कुलदीप महतो, उनकी बेटी बबीता कुमारी और परिवार की एक अन्य सदस्य इंदु कुमारी की मौत हो चुकी है. वहीं परिवार के अन्य सदस्य लाखो देवी, श्वेता देवी और नकुल महतो भी इसी बीमारी की चपेट में बताए जा रहे हैं. सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार बीमार लोगों के शरीर में सूजन की शिकायत देखने को मिल रही है, जिससे बीमारी को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया था. लेकिन परिजनों ने चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के बजाय अंधविश्वास का सहारा लिया. बताया जा रहा है कि मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय रमकंडा थाना क्षेत्र के एक ओझा के पास झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि झाड़-फूंक के बावजूद मरीजों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. लगातार मौतों और गंभीर बीमारियों की खबर के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है. लोग बीमारी के कारणों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं.
इधर स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सिक्का गांव में विशेष मेडिकल कैंप लगाया है. स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच शुरू कर दी है. साथ ही रक्त के नमूने भी लिए जा रहे हैं ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. विभागीय टीम मृतक परिवार के खान-पान, रहन-सहन, पेयजल स्रोत और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी प्रकार के अंधविश्वास से बचकर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील कर रहा है.

