पलामू: 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से टेंट कर्मी की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

पलामू: 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से टेंट कर्मी की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

पलामू (PALAMU): पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के रेडमा श्रीराम पथ पर शादी समारोह में टेंट और फूलों की सजावट करने के दौरान एक टेंट कर्मी की हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया जिसके बाद उसे नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों द्वारा  इलाज के बाद मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रहने वाले तरुण कुमार दास के रूप में हुई है. इस अचानक हुए हादसे के बाद शादी वाले घर सहित पूरे इलाके में कोहराम मच गया और उत्सव का माहौल पल भर में मातम में तब्दील हो गया.

आपको बता दें, मिली जानकारी के अनुसार, तरुण कुमार दास मेदिनीनगर के स्थानीय ठेकेदार छोटू जायसवाल के पास टेंट और डेकोरेशन का काम करता था. शुक्रवार को रेडमा श्रीराम पथ पर स्थित एक आवास में विवाह उत्सव को लेकर भव्य गेट और पंडाल बनाने का काम चल रहा था. इसी दौरान मुख्य स्वागत द्वार (गेट) खड़ा करने के लिए जब लोहे के लंबे पाइप को उठाया गया, तो वह अनजाने में ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार से सट गया. लोहे के पाइप में करंट उतरते ही तरुण बुरी तरह झुलस गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा.

इस हादसे के बाद शनिवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गोरतलब है की कोलकाता से परिजनों के मेदिनीनगर पहुँचने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा. फिलहाल परिजनों में मातम पसरा हुआ है.