पलामू: विधायक के घर के पास गोलीकांड, फरार अपराधियों की अब तक नहीं हुई धर-पकड़, लोगों में आक्रोश, बाजार कराया बंद

पलामू के हुसैनाबाद में विधायक के आवास के पास 32 वर्षीय ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है और जपला बाजार बंद कराया गया.

पलामू: विधायक के घर के पास गोलीकांड, फरार अपराधियों की अब तक नहीं हुई धर-पकड़, लोगों में आक्रोश, बाजार कराया बंद

पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद में विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के पास हुए गोलीकांड के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है. बुधवार रात पुरन्दरबिगहा गांव के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर 32 वर्षीय युवक ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों का गुस्सा भड़क उठा. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने के साथ जपला बाजार भी बंद करा दिया और जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की.

जानकारी के मुताबिक, कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह का बेटा ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह बुधवार रात अपनी स्कॉर्पियो से पुरन्दरबिगहा के पास पहुंचा था. उसने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की और किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और बेहद करीब से उसकी कनपटी में गोली मार दी. अचानक हुई फायरिंग से छोटू सिंह ने बचने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि उसने स्कॉर्पियो का गेट खोला और वहां से निकलने का प्रयास किया. लेकिन हमलावर ने उसका पीछा करते हुए दो और गोलियां चला दीं. गोली लगने के बाद वह सड़क से कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा. वारदात के बाद हमलावर बाइक से दंगवार की तरफ फरार हो गया. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

पुलिस के अनुसार, मृतक ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी से जुड़े आठ मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. कुछ महीने पहले ही वह जेल से जमानत पर बाहर आया था. मूल रूप से कचरा गांव का रहने वाला छोटू सिंह वर्तमान में जपला के सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास शिवशक्ति नगर में अपने परिवार के साथ रह रहा था.

घटना की जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम सुराग मिला है. पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के वक्त घटनास्थल के आसपास एक दूसरी मोटरसाइकिल भी देखी गई थी. गोलीबारी के बाद यह बाइक भी वहां से निकल गई. इस वजह से पुलिस को आशंका है कि हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं. हालांकि, आरोपियों की संख्या और उनकी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े हर संभावित सुराग को खंगाल रही है.

हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. लोगों ने देर रात सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. सड़क जाम के कारण रात से सुबह तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों तथा मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास किया. आश्वासन के बाद सुबह करीब 7:30 बजे जाम समाप्त कराया जा सका.

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटा रही है. जाम खत्म होने के बाद मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले गए. पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने की कार्रवाई की गई. फिलहाल इस हत्याकांड में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे इलाके में लोगों का आक्रोश बना हुआ है.