‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 लाख रुपये के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

पलामू के दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास पुलिस ने 495 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मारुति डिजायर कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं. एक तस्कर गिरफ्तार.

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 लाख रुपये के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

पलामू(PALAMU): जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ने पुलिस ने एनएच-39 पर दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास छापेमारी कर 495 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 60 से 70 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद मारुति डिजायर कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने रविवार को मेदिनीनगर के सदर थाना में प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 14 नवंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के डेहरी ऑन सोन से एक तस्कर सफेद रंग की डिजायर कार में मादक पदार्थ लेकर मेदिनीनगर के रास्ते लातेहार की ओर जा रहा है.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान

सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई. टीम ने दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास एनएच-39 पर वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस को एक सफेद मारुति डिजायर कार संदिग्ध लगी. कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई. जांच के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई 495 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने कार सवार युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के पीछे चंदवा निवासी रवि रजक (28 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति डिजायर कार (JH-01-GT-5317) और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई

इस मामले में सदर थाना में 15 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.