पलामू: कोल्डड्रिंक से कुल्ला करना पड़ा भारी, पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, एक गिरफ्तार

पलामू: कोल्डड्रिंक से कुल्ला करना पड़ा भारी, पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, एक गिरफ्तार

पलामू (PALAMU): जिले के पाण्डु थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) चिरंजीव कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी और मुख्य आरोपी उमेश सिंह के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, घटना की रात सभी आरोपी और मृतक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान मृतक ने कोल्डड्रिंक से कुल्ला कर दिया, जिसे लेकर वहां मौजूद लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. यह मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. पूछताछ में पता चला है कि पहले एक पार्टी के दौरान मृतक ने आरोपी विकास सिंह के परिजनों के साथ मारपीट की थी, जिसका बदला लेने के लिए इस विवाद को हवा दी गई.

नशे की हालत में पुरानी बात सामने आने पर विवाद गहरा गया और आरोपी उमेश सिंह, विकास सिंह व अभिषेक कुमार सिंह ने मिलकर उस व्यक्ति को घेर लिया. इसके बाद भारी पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर लगातार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया. पुलिस ने तकनीकी शाखा और मानवीय इनपुट के आधार पर छापेमारी कर बेलहरा निवासी उमेश सिंह को दबोच लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने मौके से मृतक का टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.