पलामू में तेज रफ्तार का कहर! चारपहिया वाहन के चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत

पलामू में तेज रफ्तार का कहर! चारपहिया वाहन के चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत

पलामू (PALAMU): मेदिनीनगर स्थित लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव निवासी 30 वर्षीय साहिल कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की तलाश में जुट गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल कुमार किसी निजी कार्य से शनिवार को बाइक से लेस्लीगंज गया था. देर रात वह अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कुंदरी गांव के समीप उसकी बाइक की टक्कर एक अज्ञात चारपहिया वाहन से हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.