पलामू : रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई छात्रा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

पलामू : रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई छात्रा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

पलामू (PALAMU): जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में हुए रेल हादसे में छात्रा की जान चली गई. यह घटना हुसैनाबाद-जपला रेलवे स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर दूर बक्शी हाई स्कूल के समीप हुई, जहां रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान छात्रा तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

मृत छात्रा की पहचान देवरी ओपी क्षेत्र के सोनपुरवा गांव निवासी सतेंद्र की पुत्री बबीता कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि परिजनों तक सूचना पहुंचते ही घर में मातम छा गया. सूचना मिलने पर हुसैनाबाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया.

चूंकि मामला रेलवे ट्रैक से जुड़ा था, इसलिए इसकी सूचना तत्काल जीआरपी डालटनगंज को भी दी गई. जीआरपी और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा हादसे के कारणों से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा रेलवे लाइन पार कर रही थी, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई. इस घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.