पलामू (PALAMU): जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत पुरसोतमपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में बाइक पर सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, पुरसोतमपुर गांव निवासी बालमुकुंद यादव अपने पुत्र दिलीप यादव के साथ तेतराई बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने लगी. जब दोनों अपने घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए. बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इसी दौरान गांव की एक महिला भी वज्रपात की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. हादसे की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया. पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने बताया कि मौसम अचानक खराब होने के कारण लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और देखते ही देखते यह दुखद हादसा हो गया.
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत शीघ्र मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए. मौके पर पहुंचे समाजसेवी रफीक अंसारी, भाजपा नेता शत्रुघ्न सिंह समेत कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. लोगों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रभावित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने की भी मांग की है.

